हटिया डैम में पानी का स्तर 38 फीट 1 इंच तक पहुंच गया है। इसके बाद पेयजल और सफाई विभाग के इंजीनियर ने मंगलवार को दोपहर 2 बजे डैम का गेट खोलने की जानकारी दी। इससे पहले निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित जगह जाने की सलाह दी गई है।
डैम की अधिकतम क्षमता 39 फीट है। अगर जल स्तर 11 इंच और बढ़ा, तो पानी ओवरफ्लो करना शुरू कर देगा। ऐसे में बुधवार को भी गेट खोलने की तैयारी रहेगी।

2021 में भी आया था ओवरफ्लो, तब नहीं खुल पाया था गेट
चार साल पहले 2021 में भी पानी ओवरफ्लो हुआ था और गेट खोलने की प्रक्रिया शुरू हुई थी, लेकिन गेट तकनीकी कारणों से नहीं खोला जा सका। इसके बाद जल संसाधन विभाग ने गेट की मरम्मत और खोलने की योजना बनाई और करीब 98 लाख रुपये खर्च कर गेट को फिर से चालू हालत में लाया गया।
17 साल पहले आखिरी बार खुला था गेट
राज्य बनने के बाद से अब तक हटिया डैम का गेट सिर्फ दो बार ही खोला गया है। पहली बार 2006 में और फिर 19 अगस्त 2008 को जब पानी 38 फीट के ऊपर पहुंचा था। अब 17 साल बाद फिर से गेट खोलने की नौबत आई है।
चित्र साभार: गूगल से


