जियो ब्लैकरॉक म्यूचुअल फंड को सेबी से चार नए पैसिव फंड लॉन्च करने की मंजूरी मिल गई है। इनमें से तीन इक्विटी फंड हैं और एक डेट फंड।
कौन-कौन से फंड होंगे
1. जियो ब्लैकरॉक निफ्टी मिडकैप 150 इंडेक्स फंड
2. जियो ब्लैकरॉक निफ्टी नेक्स्ट 50 इंडेक्स फंड
3. जियो ब्लैकरॉक निफ्टी स्मॉलकैप 250 इंडेक्स फंड
4. जियो ब्लैकरॉक निफ्टी 8-13 ईयर गवर्नमेंट सिक्योरिटीज इंडेक्स फंड
पहले तीन फंड्स शेयर मार्केट से जुड़े हैं और आखिरी फंड सरकारी बॉन्ड्स पर आधारित है।
पहले ही ऑफर में जुटाई बड़ी रकम
7 जुलाई को कंपनी ने अपने पहले न्यू फंड ऑफर (NFO) के जरिए करीब 17,800 करोड़ रुपये जुटाए थे। यह पैसा तीन डेट-आधारित स्कीम्स – ओवरनाइट फंड, लिक्विड फंड और मनी मार्केट फंड के जरिए आया था। मई में सेबी से लाइसेंस मिलने के बाद यह कंपनी की पहली पेशकश थी।
आगे की योजना क्या है
जियो ब्लैकरॉक साल 2025 के अंत तक लगभग 12 नए म्यूचुअल फंड लॉन्च करने की योजना बना रही है। कंपनी का फोकस छोटे निवेशकों पर रहेगा और डिजिटल मॉडल के जरिए निवेश को आसान बनाया जाएगा। इसके लिए डिस्ट्रीब्यूटर की भी जरूरत नहीं होगी।
निवेशकों का मिला साथ
कंपनी ने जानकारी दी है कि पहले तीन दिनों में 90 से ज्यादा संस्थागत निवेशकों और 67,000 से ज्यादा खुदरा निवेशकों ने इसमें पैसा लगाया। इस सफलता के बाद जियो ब्लैकरॉक अब भारत की टॉप 15 एसेट मैनेजमेंट कंपनियों में शामिल हो गई है।
ब्रोकिंग सेक्टर में भी एंट्री
कुछ दिन पहले जियो ब्लैकरॉक को सेबी से स्टॉकब्रोकर के रूप में काम करने की मंजूरी भी मिल चुकी है। अब कंपनी शेयर बाजार में ब्रोकिंग और क्लीयरिंग का काम भी करेगी।

कैसे शुरू हुआ ये जॉइंट वेंचर
जुलाई 2023 में जियो फाइनेंशियल और अमेरिका की इन्वेस्टमेंट कंपनी ब्लैकरॉक ने 50-50 की साझेदारी में यह जॉइंट वेंचर शुरू किया था। दोनों कंपनियों ने भारत में म्यूचुअल फंड बिजनेस के लिए 15 करोड़ डॉलर निवेश करने की घोषणा की थी।
जनवरी 2024 में इस जॉइंट वेंचर में 117 करोड़ रुपये का शुरुआती निवेश किया गया और मई में सेबी से ऑपरेशन शुरू करने की मंजूरी मिल गई।

बढ़ेगा मुकाबला
भारत की म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री का आकार अब 66 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा हो चुका है। ऐसे में जियो ब्लैकरॉक की एंट्री से इस क्षेत्र में मुकाबला और तेज होगा।


