रांची। एचइसी में काम कर रहे सप्लाई कर्मचारियों ने रविवार को बैठक की, जिसकी अध्यक्षता मनोज पाठक ने की। बैठक में आउटसोर्सिंग एजेंसी के उस फैसले का विरोध किया गया जिसमें सिर्फ 25 दिन का वेतन देने की बात कही गई थी।
कर्मचारियों ने साफ कहा कि जब तक उन्हें पहले जैसी सुविधाएं वापस नहीं मिलतीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। ये कर्मचारी पिछले 20 से 25 साल से सेवा दे रहे हैं। अब एजेंसी की ओर से उनकी सुविधाएं कम की जा रही हैं, जिससे वे नाराज हैं।

मनोज पाठक ने कहा कि मैनेजमेंट की ज़िद और गैर-ज़िम्मेदार रवैये के कारण आंदोलन 27वें दिन में पहुंच गया है। कुछ अधिकारी कर्मचारियों का शोषण कर रहे हैं और पुरानी सुविधाएं भी छीनना चाहते हैं।
समिति ने बताया कि अगर प्रबंधन ने जल्द फैसला नहीं लिया तो आंदोलन और तेज़ किया जाएगा और कानूनी रास्ता भी अपनाया जाएगा। साथ ही जो कर्मचारी प्रबंधन के बहकावे में आकर काम कर रहे हैं, उन्हें भी समझाया जाएगा।

संघर्ष समिति के ऋषभ ललकार ने कहा कि प्रबंधन को बातचीत के लिए आगे आना चाहिए और समस्या को गंभीरता से लेना चाहिए। समिति ने चेतावनी दी कि अगर आंदोलन के दौरान किसी भी कर्मचारी को कुछ होता है, तो उसकी पूरी जिम्मेदारी एचइसी प्रबंधन की होगी।
चित्र साभार: गूगल से

