दुनिया के सबसे अमीर लोगों में शामिल बिल गेट्स ने एक बार फिर अपनी दरियादिली से सबको चौंका दिया है। उन्होंने अपनी संपत्ति का बड़ा हिस्सा दान में देने की प्रतिबद्धता दोहराई है, जो आने वाले सालों में गेट्स फाउंडेशन के बंद होने की ओर भी इशारा कर रही है।
गेट्स फाउंडेशन की वेबसाइट के अनुसार, बिल गेट्स और उनकी पूर्व पत्नी मेलिंडा गेट्स अब तक करीब 60 बिलियन डॉलर (लगभग 5 लाख करोड़ रुपये) दान कर चुके हैं। यह राशि मुख्य रूप से वैश्विक स्वास्थ्य, शिक्षा और गरीबी उन्मूलन जैसे क्षेत्रों में खर्च की जा रही है।
बिल गेट्स का मानना है कि उनकी संपत्ति का सदुपयोग उन्हीं ज़रूरतमंदों के लिए होना चाहिए, जिनके जीवन को बेहतर बनाने का लक्ष्य उन्होंने अपने फाउंडेशन के ज़रिए रखा है। उनका यह भी कहना है कि जब फाउंडेशन 2045 में बंद होगा, तब तक यह दुनिया को कई मायनों में बेहतर बना चुका होगा।
हालांकि, इस घोषणा से उनके व्यक्तिगत नेटवर्थ में गिरावट जरूर आई है, लेकिन गेट्स का कहना है कि इंसानी ज़िंदगियों को बचाने और संवारने से बड़ा कोई निवेश नहीं हो सकता।



