प्रधानमंत्री किसान ऊर्जा सुरक्षा एवं उत्थान महाअभियान (पीएम कुसुम) योजना के तहत झारखंड में किसानों को सोलर पंप देने के मामले में राज्य ने देशभर में पांचवां स्थान हासिल किया है। अब तक 36,346 किसानों को सिंचाई के लिए सोलर पंप बांटे जा चुके हैं।
इस योजना के तहत किसानों को 5 हजार रुपये से लेकर 2.80 लाख रुपये तक की लागत वाले मोटर दिए जा रहे हैं। इससे खेतों में सिंचाई आसान हो रही है और बिजली की बचत भी हो रही है। झारखंड में इस योजना का संचालन जेरडा (JREDA) कर रही है। सोलर पंप पर सेंसर और मॉनिटरिंग सिस्टम लगाए गए हैं, जिससे किसी भी खराबी की तुरंत जानकारी मिल सके।

देशभर में पहले स्थान पर महाराष्ट्र है, जहां 4,23,379 सोलर पंप लगाए गए हैं। दूसरे पर राजस्थान, तीसरे पर मध्यप्रदेश और चौथे पर उत्तर प्रदेश है। झारखंड में अब तक 42,985 किसानों ने सोलर पंप के लिए आवेदन किया था, जिनमें से 36,346 पंप मंजूर कर दिए गए।
पीएम कुसुम योजना के तहत केंद्र सरकार 72 प्रतिशत और राज्य सरकार 25 प्रतिशत तक की सब्सिडी दे रही है। इससे किसानों का आर्थिक बोझ कम हो रहा है और खेती में उत्पादकता बढ़ रही है।

चित्र साभार: गूगल से


