तीन दिन तक लगातार गिरने के बाद मंगलवार को शेयर बाजार में मजबूती देखी गई। बड़ी कंपनियों जैसे रिलायंस और एचडीएफसी बैंक के शेयरों में खरीदारी बढ़ी, जिससे बाजार ऊपर आया।
सेंसेक्स 446.93 अंक चढ़कर 81,337.95 पर बंद हुआ। दिन के कारोबार में यह एक समय 538 अंक तक उछला था। वहीं निफ्टी में भी 140.20 अंकों की तेजी रही और यह 24,821.10 पर बंद हुआ।
निवेशकों को एक दिन में करीब 3.5 लाख करोड़ रुपये का फायदा हुआ। बीएसई में लिस्ट सभी कंपनियों का कुल बाजार पूंजीकरण बढ़कर 451 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच गया।

छोटे और मझोले आकार की कंपनियों में भी खरीदारी देखी गई। बीएसई स्मॉलकैप इंडेक्स में 1.10% और मिडकैप इंडेक्स में 0.84% की बढ़त रही।
लगभग सभी सेक्टरों में तेजी रही। रियल्टी सेक्टर में सबसे ज्यादा 1.64% की बढ़त हुई। इसके अलावा दूरसंचार, ऊर्जा और अन्य क्षेत्रों में भी शेयर ऊपर बंद हुए।
डॉलर के मुकाबले रुपया टूटा, चार महीने के सबसे निचले स्तर पर
मंगलवार को डॉलर के मुकाबले रुपया 21 पैसे कमजोर होकर 86.91 पर बंद हुआ। यह बीते चार महीनों का सबसे निचला स्तर है।

रुपये में गिरावट की वजह विदेशी बाजारों में डॉलर की मजबूती और निवेशकों की बिकवाली मानी जा रही है।
चित्र साभार: गूगल से


