वित्त वर्ष 2026 की पहली तिमाही यानी अप्रैल-जून में HDFC Life का मुनाफा 14% बढ़कर 546 करोड़ रुपये पहुंच गया। बीते साल इसी तिमाही में कंपनी को 478 करोड़ रुपये का प्रॉफिट हुआ था। इसके बावजूद, मंगलवार को कंपनी के शेयरों में गिरावट दर्ज की गई और यह 757 रुपये के स्तर पर बंद हुआ।
कमाई में बढ़त, शेयरों में गिरावट!

HDFC Life की कुल शुद्ध प्रीमियम आय भी इस तिमाही में 16% बढ़कर 14,466 करोड़ रुपये रही, जबकि पिछले साल यह 12,510 करोड़ रुपये थी। कंपनी ने ग्रॉस प्रीमियम इनकम के तहत:
पहले साल की पॉलिसियों से 1,487 करोड़ रुपये,
रिन्युअल प्रीमियम से 760 करोड़ रुपये, और
सिंगल प्रीमियम से 472 करोड़ रुपये की कमाई की।
कंपनी की CEO ने क्या कहा?
HDFC Life की CEO विभा पडलकर ने कहा कि इस साल की शुरुआत मजबूत रही है। उन्होंने बताया कि कंपनी की व्यक्तिगत प्रीमियम आय (APE) में 12.5% की सालाना बढ़त दर्ज की गई है। इसके अलावा, कंपनी का सॉल्वेंसी रेशियो 192% रहा, जो रेगुलेटरी मानक 150% से कहीं ज्यादा है।
विभा पडलकर ने यह भी बताया कि:
कंपनी की कुल मार्केट हिस्सेदारी 70 बेसिस पॉइंट बढ़कर 12.1% हो गई है,
वहीं प्राइवेट सेक्टर में यह 40 बेसिस पॉइंट बढ़कर 17.5% हो गई।
खास बात ये रही कि इस तिमाही में 70% से ज्यादा ग्राहक पहली बार HDFC Life से जुड़ें।
इसके अलावा, MSCI ने HDFC Life की ESG रेटिंग को ‘A’ से बढ़ाकर ‘AA’ कर दिया है।
निवेशकों ने क्यों बेचे शेयर?
कमाई के बढ़िया नतीजे आने के बावजूद, शेयरों में गिरावट देखी गई। मंगलवार को बाजार में तेजी के बावजूद HDFC Life का शेयर 1.04% गिरकर बंद हुआ। इसका कारण यह हो सकता है कि निवेशकों ने मुनाफा कमा कर शेयर बेच दिए हों, या फिर उन्हें आगे की ग्रोथ को लेकर फिलहाल कोई बड़ा ट्रिगर नजर नहीं आया हो।


