दुनिया के सबसे अमीर शख्स एलन मस्क की कंपनी Starlink को अब भारत में सैटेलाइट इंटरनेट सेवा शुरू करने की अंतिम मंजूरी मिल गई है। स्पेस कमर्शियल रेगुलेटर से फाइनल अप्रूवल मिलने के बाद Starlink अब देश में आधिकारिक तौर पर अपनी सर्विस लॉन्च कर सकेगी। यह कंपनी पहले ही 100 से ज्यादा देशों में उपग्रह के ज़रिए इंटरनेट सेवा दे रही है।
सूत्रों के मुताबिक, यह मंजूरी भारत सरकार की ओर से मिलने वाला आखिरी रेगुलेटरी क्लीयरेंस था, जिसका Starlink लंबे समय से इंतजार कर रही थी। अब कंपनी Reliance Jio और Bharti Airtel जैसी बड़ी टेलीकॉम कंपनियों को सीधे टक्कर देने की स्थिति में आ गई है।
Starlink 2022 से भारत में लाइसेंस का इंतजार कर रही थी। पिछले महीने उसे टेलीकॉम मंत्रालय से एक अहम मंजूरी मिल चुकी थी, लेकिन स्पेस विभाग की अनुमति लंबित थी, जो अब मिल चुकी है।
Starlink भारत में काम शुरू करने वाली तीसरी बड़ी कंपनी है, जिसे सैटेलाइट इंटरनेट सेवा के लिए अनुमति मिली है। इससे पहले भारत सरकार ने Reliance Jio और Eutelsat की OneWeb को भी हरी झंडी दी थी।
क्या बदलेगा भारत में इंटरनेट का परिदृश्य?
Starlink की एंट्री से दूरदराज के इलाकों में तेज़ और भरोसेमंद इंटरनेट कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद है, जहां अभी तक ब्रॉडबैंड नेटवर्क नहीं पहुंच पाए हैं। साथ ही यह ग्रामीण भारत के डिजिटल विकास को भी एक नई दिशा दे सकता है।



