स्मॉल-कैप फार्मा कंपनी वेलक्योर ड्रग्स एंड फार्मास्युटिकल्स के शेयरों में मंगलवार को ज़बरदस्त तेजी देखने को मिली। कंपनी के शेयर में 5% का अपर सर्किट लग गया और इसका शेयर भाव ₹12.35 पर पहुंच गया। ये तेजी यूं ही नहीं आई, बल्कि इसके पीछे कंपनी की एक बड़ी उपलब्धि है।
दरअसल, कंपनी ने वित्त वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही में ₹300 करोड़ से अधिक के सात निर्यात-सोर्सिंग असाइनमेंट सफलतापूर्वक पूरे किए हैं। खास बात ये है कि वेलक्योर ड्रग्स एक कर्ज़ मुक्त कंपनी है, और अपने फीस-आधारित निर्यात पोर्टफोलियो को लगातार मजबूत कर रही है।
कंपनी ने स्पष्ट किया कि उसने इन ऑर्डर्स में केवल खरीद एजेंट के तौर पर काम किया और हर ऑर्डर पर 5% का निश्चित कमीशन कमाया। माल की लागत सीधे विदेशी खरीदारों द्वारा तय की गई थी।
निवेशकों को मिला मल्टीबैगर रिटर्न
वेलक्योर के शेयर ने पिछले एक साल में 113% और पिछले 5 सालों में करीब 1,546% का रिटर्न देकर अपने दीर्घकालिक निवेशकों को करोड़पति बना दिया है।
₹85.6 करोड़ के नए ऑर्डर
30 जून 2025 को कंपनी ने स्टॉक एक्सचेंज को जानकारी दी कि उसे ₹85.6 करोड़ मूल्य के दो नए निर्यात ऑर्डर मिले हैं। इनमें माइकोरिजल इनोक्युलेंट की खरीद और समेकन के लिए जायंट एक्ज़िम और रवीना इंटरनेशनल से ऑर्डर शामिल हैं।
यह नया ऑर्डर हाल ही में थाईलैंड स्थित Fortune Sagar Impex Co. Ltd. से मिले ₹517 करोड़ के ग्लोबल सोर्सिंग मैंडेट के अतिरिक्त है। कंपनी ने बताया कि वह कुछ और अंतरराष्ट्रीय कंपनियों के साथ भी बातचीत के अंतिम दौर में है, और चालू तिमाही में ₹20 करोड़ या उससे अधिक के ऑर्डर को अंतिम रूप देने की उम्मीद है।



